थलापति विजय के खिलाफ केस दर्ज: इफ्तार पार्टी में मुस्लिम भावनाओं के अपमान का आरोप
- BMW News

- Mar 12
- 2 min read

तमिल एक्टर से राजनेता बने थलापति विजय के खिलाफ चेन्नई में एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर मुस्लिम समुदाय की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा है। मामला तब शुरू हुआ जब विजय ने रमजान के पवित्र महीने की शुरुआत में एक इफ्तार पार्टी आयोजित की थी। इस दौरान उन्होंने खुद भी एक दिन का रोजा रखा और मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ इफ्तार किया। इस पार्टी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिसके बाद इस पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आईं।
कुछ लोगों ने विजय के इस कदम की तारीफ की और इसे धर्मों के बीच भाईचारे को मजबूत करने वाला बताया। लेकिन दूसरी ओर, कई लोगों ने उनकी आलोचना भी की। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर उनकी फिल्मों को बॉयकॉट करने की मांग भी उठने लगी।
इस मामले में अब तमिलनाडु सुन्नत जमात की ओर से चेन्नई पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई है। जमात का कहना है कि इस इफ्तार में कुछ ऐसे लोग भी शामिल थे, जिनका रोजे या इस्लामिक प्रथाओं से कोई संबंध नहीं था। उनका आरोप है कि वहां शराबी और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग भी मौजूद थे, जिससे मुस्लिम समुदाय की पवित्रता का अपमान हुआ है।
तमिलनाडु सुन्नत जमात के कोषाध्यक्ष सैयद कौस ने कहा कि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसलिए कानूनी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि यह शिकायत किसी तरह का प्रचार पाने के लिए नहीं की गई है, बल्कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में सम्मान और प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए की गई है।
हालांकि, विजय के समर्थक इसे राजनीतिक साजिश मान रहे हैं। उनका कहना है कि विजय अब राजनीति में सक्रिय हो रहे हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, उनके फैंस का कहना है कि विजय ने यह इफ्तार पार्टी सौहार्द्र बढ़ाने के लिए आयोजित की थी, न कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए। इस विवाद के बीच थलापति विजय अपनी आगामी फिल्म 'जन नायकन' की तैयारियों में जुटे हैं। इस फिल्म का निर्देशन एच विनोथ कर रहे हैं और इसमें विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, प्रकाश राज और प्रियामणि जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे। विजय के फैंस को उनकी इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।








Comments